आईओसी द्वारा भारत का पहला 100 ऑक्टेन पेट्रोल एक्सपी 100 लॉन्च
- उच्च क्षमता वाली कारों और बाइक के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रीमियम ग्रेड पेट्रोल
इंडियन ऑयल द्वारा देश के पेट्रोलियम फ्यूल के रिटेल मार्केट में एक परिवर्तनकारी कदम के रूप में विश्वस्तरीय प्रीमियम ग्रेड पेट्रोल एक्सपी 100 पेट्रोल जो 100 ऑक्टेन है, लॉन्च किया गया. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस एवं इस्पात मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा वर्चुअल रूप से श्री तरुण कपूर, सचिव पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, श्री श्रीकांत माधव वैद्य, अध्यक्ष - इंडियन ऑयल, श्री एसएस वी रामकुमार, निदेशक (अनुसंधान एवं विकास) इंडियन ऑयल, श्री गुरमीत सिंह, निदेशक (विपणन) इंडियन ऑयल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में एक्सपी 100 के रूप में ब्रांडेड, प्रीमियम ग्रेड पेट्रोल को देश के 10 शहरों में लॉन्च किया गया.
भारतीय बाजार में उठाए गए इस परिवर्तनकारी कदम के लिए इंडियन ऑयल को बधाई देते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस एवं इस्पात मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, ‘‘इस ईंधन के साथ, भारत दुनिया भर के उन चुनिंदा देशों के समूह में शामिल हो गया है, जहां 100 या अधिक ऑक्टेन नंबर वाले पेट्रोल उपलब्ध हैं. एक्सपी 100 जैसे विश्वस्तरीय उत्पाद यह साबित करते हैं कि हम सभी को बेहतर ऊर्जा समाधान भी प्रदान करने की दिशा में समान रूप से ध्यान केंद्रित कर रहे हैं. यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हमारे वैज्ञानिकों द्वारा विकसित स्वदेशी तकनीक के माध्यम से ही इन ऊर्जा समाधानों को विकसित किया जा रहा है. यह हमारे प्रधानमंत्री जी के ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के पहल की दिशा में एक और कदम है जिसे हमारी सरकार ने ऊर्जा के क्षेत्र में तत्परता से लागू किया है.”
इंडियन ऑयल के अध्यक्ष श्री श्रीकांत माधव वैद्य ने कहा ‘‘ एक्सपी 100 एक अति-आधुनिक, अति-प्रीमियम उत्पाद है जो आपको एक अलग अनुभव देने के लिए डिजाइन किया गया है. यह आपके वाहन को उच्च शक्ति और क्षमता तथा आपको आनंदमय ड्राइव देने के लिए पेट्रोल का बेहतरीन ग्रेड है.”
इंडियन ऑयल भारत की पहली कंपनी है जिसने प्रीमियम विश्वस्तरीय पेट्रोल लॉन्च किया है जोकि उच्चस्तरीय कारों और बाइक की क्षमता को बढ़ाता है. यह भी उल्लेखनीय है कि इंडियन ऑयल अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) द्वारा विकसित स्वदेशी ऑक्टोमैक्स तकनीक का उपयोग करके इंडियन ऑयल की मथुरा रिफाइनरी में एक्सपी 100 प्रीमियम ग्रेड पेट्रोल का उत्पादन किया गया है.
वर्तमान में, भारत में बिकने वाले सामान्य पेट्रोल में 91 ऑक्टेन होता है. 100 ऑक्टेन के साथ इंडियन ऑयल का प्रीमियम ग्रेड पेट्रोल, इंजन को और अधिक गतिशील करने, तेज गति प्रदान करने, इंजन की क्षमता को बढ़ाने, बेहतर वाहन चालन अनुभव देने और ईंधन बचाने तथा इंजन की लाइफ को बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है. यह आईएस एण्ड - 2796 विनिर्दिष्ट मानकों से अधिक क्षमता युक्त है और बहुत कम टेल पाइप उत्सर्जन के साथ पर्यावरण के अनुकूल ईंधन भी है.
इंडियन ऑयल ने दो चरणों में देश के 15 चिन्हित शहरों में एक्सपी 100 प्रीमियम ग्रेड पेट्रोल को रोल-आउट करने की योजना बनाई है. पहले चरण में, इसे दिल्ली, गुड़गांव, नोएडा, आगरा, जयपुर, चंडीगढ़, लुधियाना, मुंबई, पुणे और अहमदाबाद के चुनिंदा रिटेल आउटलेटों पर 1 दिसंबर 2020 से उपलब्ध कराया गया है. दूसरे चरण में, इस 100 ऑक्टेन पेट्रोल की उपलब्धता चेन्नई, बैंगलोर, हैदराबाद, कोलकाता और भुवनेश्वर तक बढ़ाई जाएगी.
नवीनतम तकनीक से लैस प्रीमियम वाहन 100 ऑक्टेन पेट्रोल के पूर्णरुपेण लाभों को प्राप्त करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. दुनिया भर में, हाइ-एंड वाहनों का एक खास बाजार है जोकि 100 ऑक्टेन वाले उच्च पेट्रोल की मांग करता है और यह केवल छह देशों जैसे जर्मनी, अमेरिका आदि में ही उपलब्ध है.
